10-Nov-2022 08:02 PM
3859
मधुबनी 10 नवंबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पूर्व पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत की प्रतिमा का अनावरण किया।
श्री कुमार ने मधुबनी जिला के लदनिया प्रखंड के मोतनाजे ग्राम में पूर्व पंचायती राज मंत्री स्व. कपिलदेव कामत की प्रतिमा का अनावरण किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह खुटौना प्रखंड के दुर्गापट्टी ग्राम पहुंचे और वहां अमर शहीद स्व. रामफल मंडल की प्रतिमा का अनावरण किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कपिलदेव कामत पंचायती राज मंत्री थे। उस दौरान उन्होंने अपने विभाग के लिए अच्छा काम किया था। अपने क्षेत्र के विकास के लिए वे हमेशा प्रयत्नशील रहते थे। स्व. कामत हमसे क्षेत्र के विकास को लेकर हमेशा मिलते रहते थे। वर्ष 2020 में उनका निधन हो गया था। इसका उन्हें काफी दुःख है। उनकी मूर्ति का अनावरण पहले ही होना था लेकिन कोरोना के चलते नहीं हो पाया। आज उनकी मूर्ति का अनावरण हुआ है।
श्री कुमार ने कहा कि इस क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति से बचाव को लेकर सारा काम किया जा रहा है और जो कुछ भी बचा हुआ काम है उसे भी पूरा किया जा रहा है। मधुबनी जिला का विशेष महत्व है। यह नेपाल से सटा हुआ है। यहां विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं जिसका फायदा लोगों को मिल रहा है। उनसे जो भी संभव होगा इस क्षेत्र के विकास के लिए काम करते रहेंगे। उनकी सरकार पूरे बिहार में विकास के काम में लगी हुई है। उन्होंने लोगों से आपस में प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का आग्रह किया और कहा कि आपस में झगड़ा न करें। सभी एकजुट होकर काम करें ताकि विकास का सही लाभ लोगों को मिले।
कार्यक्रम को वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन सह सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री संजय कुमार झा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह मधुबनी जिला की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, स्व. कपिलदेव कामत की पुत्रवधू एवं विधायक मीना कामत, पूर्व मंत्री सह विधायक रामप्रीत पासवान ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर विधायक शालिनी मिश्रा, सुधांशु शेखर, रामविलास कामत एवं श्रेयसी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिध, स्व0 कामत के पुत्र आनंद कुमार, रमण कुमार एवं अन्य परिजन, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, मधुबनी के जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, मधुबनी जिला के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।...////...