नीतीश ने रबी महाभियान की शुरुआत की
19-Oct-2022 08:44 PM 5618
पटना 19 अक्टूबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज रबी महाभियान 2022 की शुरुआती की। श्री कुमार ने बुधवार को यहां एक, अणे मार्ग से रबी महाभियान 2022 के शुभारंभ के अवसर पर रबी महाभियान प्रचार रथों को सभी जिलों के लिये हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रबी 2022 की सफलता के लिये इस महाभियान की शुरुआत की जा रही है। इस महाभियान में किसानों को रबी मौसम से संबंधित कृषि विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन एवं खेतों में फसल अवशेष को जलाने से मिट्टी एवं पर्यावरण को होनेवाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जायेगा। किसानों को रबी फसलों की तकनीकी जानकारी, जैविक खेती को प्रोत्साहन एवं मौसम के अनुकूल कृषि कार्यक्रम से संबंधित जानकारी भी दी जायेगी। राज्य के सभी जिलों के पंचायतों में 15 नवंबर से 05 दिसंबर तक किसान चैपाल का आयोजन किया जायेगा, जिसमें लगभग 12.5 लाख किसान भाग लेंगे। किसानों को नुक्कड़-नाटक के माध्यम से कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में भी बताया जायेगा। प्रतिदिन तीन पंचायतों में नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद रबी महाभियान 2022 से संबंधित सीडी एवं पुस्तिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, कृषि विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, निदेशक, कृषि विभाग आदित्य प्रकाश सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^