नीतीश ने सम्पूर्ण क्रान्ति दिवस पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन
05-Jun-2022 11:12 PM 1313
पटना 05 जून (AGENCY) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज संपूर्ण क्रान्ति दिवस के अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को शत-शत नमन किया। आज सम्पूर्ण क्रान्ति दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान के दक्षिण-पश्चिम छोर पर स्थित गोलम्बर में स्थापित महान क्रान्तिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी लोकनायक स्व. जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा स्थल पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकनायक की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया तथा उनके बताये आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, पूर्व मंत्री सह विधायक नन्दकिशोर यादव, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, विधान पार्षद ललन सर्राफ एवं कुमुद वर्मा, पूर्व मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी लोकनायक की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हर वर्ष आज के दिन को ‘संपूर्ण क्रांति दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। आज ही के दिन वर्ष 1974 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में जो बैठक हुई थी उसमें हम सभी लोग शामिल हुए थे। उस आंदोलन की एक-एक चीज उन्हें याद है। 05 जून 1974 के दिन उनके द्वारा संपूर्ण क्रांति की बात की गई उसी के आधार पर हमलोगों ने बाद में ‘संपूर्ण क्रांति दिवस’ के रूप में मनाना शुरु किया। इस मौके पर हमलोग उन्हें माल्यार्पण करते हैं और इस दिन को एक विशेष उत्सव के रूप में मनाते हैं। बाद में आज ही के दिन से विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। श्री कुमार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस को भी हमलोग आदर के साथ मनाते हैं। अनेक कार्यक्रम भी किए जाते हैं। लोकनायक के नेतृत्व में जो आंदोलन बिहार से शुरू हुआ उसका असर पूरे देश में हुआ। हम सबलोग उनके नेतृत्व में लगातार इस काम में लगे रहे। पुरानी बातें आज याद आती हैं तो अच्छा लगता है। आप सभी लोग युवा हैं इसलिए इन बातों को बताते हैं ताकि इसे आपलोग भी याद रखें। आज के दिन ही पूरे देश में संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया गया था, जिसे हमलोग आज विशेष अवसर के रुप में मनाते हैं। इसे सभी लोगों, खासकर नई पीढ़ी को याद रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने हापुड़ में हुई घटना के संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि ये जो घटना घटी है दुखद है। इसके लिए हमारे प्रशासन के लोग पूरी तरह से सक्रिय हैं। कही भी हमारे लोगों के साथ घटना घटती है तो हमारी तत्परता बनी रहती है। उन्होंने उन्होंने विपक्ष द्वारा आज सरकार के कामकाज पर रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने के प्रश्न पर कहा कि सबको अपना-अपना अधिकार है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^