न्यायाधीश (सेवानवृत्त) हरीश चंद्र मिश्रा बने दिल्ली के लोकायुक्त
23-Mar-2022 11:02 PM 1519
नयी दिल्ली 23 मार्च (AGENCY) झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) हरीश चंद्र मिश्रा ने बुधवार को यहां राज निवास में आयोजित एक समारोह में दिल्ली के लोकायुक्त के रूप में शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) अनिल बैजल ने मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में न्यायमूर्ति मिश्रा को शपथ दिलाई। दिल्ली सरकार ने कहा है कि श्री मिश्रा अपनी नियुक्ति की तारीख से पांच साल की अवधि के लिए इस पद पर बने रहेंगे। उनकी नियुक्ति मुख्यमंत्री के परामर्श के बाद की गयी है। श्रीमती रेवा खेत्रपाल के सेवानिवृत्त होने के बाद दिसंबर 2020 से ही दिल्ली में लोकायुक्त का पद खाली था। राष्ट्रीय राजधानी में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं करने को लेकर विपक्ष ने दिल्ली की आप सरकार पर निशाना साधा था। दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका भी दायर की गई थी, जिसमें अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार को एक महीने के भीतर लोकायुक्त नियुक्त करने का निर्देश देने की मांग की गई थी। आप ने अपने 2020 के चुनावी घोषणापत्र में एक महीने में लोकायुक्त की नियुक्ति करने का वादा किया था। श्रीमती खेत्रपाल के नवंबर 2015 में लोकायुक्त का पदभार ग्रहण करने से पहले न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मनमोहन सरीन लोकायुक्त थे। वह 2013 में इस पद से सेवानिवृत्त हुए थे। न्यायमूर्ति मिश्रा ने झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी कार्य किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^