ऑस्ट्रिया के स्कूल में सामूहिक गोलीबारी के बाद तीन दिन का राष्ट्रीय शोक
11-Jun-2025 02:05 PM 8376
वियना, 11 जून (संवाददाता) ऑस्ट्रिया के स्कूल में सामूहिक गोलीबारी के बाद मंगलवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गयी। इस घटना में कम से कम 11 लोग मारे गये जिसमें हमलावर भी शामिल है। अन्य 11 को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रियाई चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर ने कहा कि यह घटना देश के लिए एक ‘अकल्पनीय हिंसा’ का कृत्य है। राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वैन डेर बेलन ने भी घटना की निंदा की और कहा,“ यह घटना देश के दिल पर प्रहार है।”स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ऑस्ट्रिया के दूसरे सबसे बड़े शहर ग्राज़ के एक स्कूल में हुयी गोलीबारी में कम से कम 11 लोग मारे गये जिनमें हमलावर भी शामिल है। अन्य 11 को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देश के अख़बार ‘क्रोनन ज़ितुंग’ ने कहा कि स्कूल में हुयी गोलीबारी को ऑस्ट्रिया के इतिहास की सबसे गंभीर गोलीबारी में से एक माना जाता है। ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन ने कल तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक और देश के झंडे को आधा झुकाने की घोषणा करते हुए कहा,“ ग्राज़ के एक स्कूल में जो हुआ, उसने हमारे देश को झकझोर दिया है।” श्री स्टॉकर, उप-चांसलर एंड्रियास बैबलर और विदेश मंत्री बीट मेनल-रीसिंगर सहित सरकारी नेता कल शाम को मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिये ग्राज़ में एकत्र हुये। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, 'स्कूल युवाओं, आशा और भविष्य के प्रतीक हैं। जब स्कूल मौत और हिंसा के स्थान बन जाते हैं, तो इसे बर्दाश्त करना मुश्किल होता है।' क्रोनन ज़ितुंग के अनुसार कल स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे लेंड जिले के ड्रेयर्सचुटज़ेनगैस में बीओआरजी के स्कूल में गोलीबारी हुयी। पुलिस ने संदिग्ध अपराधी की पुष्टि 21 वर्षीय शूटर के रूप में की है, जो पहले बीओआरजी का छात्र था। प्राप्त जानकारी के असनुसार घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। स्थानीय पुलिस ने ‘एक्स’ पर कहा, 'पुलिस को क्षेत्र में तैनात किया गया है और साथ ही घटना स्थल पर एक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है। स्कूल को खाली करा लिया गया है, और आगे कोई खतरा नहीं है।' देश में आज स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे राष्ट्रव्यापी मौन रखा जाएगा। सार्वजनिक समारोह रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं। ग्राज़ के एक निवासी ने कहा,“हमारे पास ऐसी चीज़ों के लिए शब्द नहीं हैं। ऑस्ट्रिया एक बहुत प्यारा देश है। हम एक साथ रहते हैं और ऐसी त्रासदियाँ अविश्वसनीय हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^