पार्टी को मजबूत करना ही मेरा लक्ष्य - शशि थरूर
14-Oct-2022 08:20 PM 2601
भोपाल, 14 अक्टूबर (संवाददाता) कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एवं वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने आज कहा कि पार्टी को मजबूत करना ही उनका लक्ष्य है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी 'गांधी परिवार' से अलग नहीं है। अपने प्रचार अभियान के तहत मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे श्री थरूर ने यहां पत्रकारों से चर्चा में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनाव में भले ही कोई विजयी हो, लेकिन उनके समेत सभी का उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना है। श्री थरूर ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ही उन्हें राजनीति में लेकर आयी हैं। चुनाव लड़ने से पहले भी उन्होंने इस संबंध में श्रीमती गांधी और श्री राहुल गांधी से चर्चा की थी। श्री थरूर ने कहा कि उनकी कांग्रेस अध्यक्ष पद एक अन्य उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और किसी अन्य नेता के साथ कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। कांग्रेस संगठन एक बड़ा परिवार है और उनके समेत सभी इसकी मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष कोई भी बने, सभी गांधी परिवार के साथ हैं और रहेंगे। उन्होंने देश के लिए गांधी परिवार के त्याग और बलिदान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वे विभिन्न राज्यों में जाकर चुनाव के लिए मतदान में हिस्सा लेने वाले पार्टी प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) से चर्चा कर रहे हैं और पार्टी को मजबूत करने के अपने 'विजन' के बारे में भी बता रहे हैं। श्री थरूर ने कहा कि कुछ नेता तो खुलकर उनका समर्थन कर रहे हैं और कुछ नेता ऐसे भी हैं, जो उनकी बातों से सहमत नजर आते हैं, लेकिन वे खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। श्री थरूर ने भोपाल में वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ गोविंद सिंह से भी मुलाकात की। श्री थरूर ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं से भी मुलाकात की और उनके साथ एक घंटे से अधिक समय बिताया। इस दौरान श्री थरूर ने पार्टी को आने वाले समय और चुनावों के मद्देनजर मजबूत करने के लिए अपने विजन के बारे में विस्तार से बताया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के एक अन्य उम्मीदवार श्री खड़गे दो दिन पहले यहां की यात्रा पर आए थे और उन्होंने भी पार्टी प्रतिनिधियों और नेताओं से मुलाकात की थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^