पंजाब के इतिहास में पहली बार पिछड़े और कमज़ोर वर्गों को राहत मिली: मान
08-Jun-2025 09:48 PM 6842
अमृतसर, 08 जून (संवाददाता) मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार कहा कि पंजाब सरकार राज्य के कमज़ोर और पिछड़े वर्गों की भलाई के लिए ईमानदारी से जुटी हुई है । आज यहां लाभार्थियों को कर्ज़ माफ़ी के प्रमाणपत्र सौंपने के लिए आयोजित समारोह के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम आदमी को और अधिक सक्षम बनाने के लिए मिशनरी भावना से लोगों की सेवा कर रही है। श्री मान ने कहा कि राज्य सरकार अपनी कलम का उपयोग समाज के ज़रूरतमंद और पिछड़े वर्गों की मदद के लिए कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा अमीर लोगों के कर्ज़ माफ़ किए जाते थे जबकि गरीब लोगों की भलाई की कोई परवाह नहीं की जाती थी। उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार राज्य के पिछड़े और कमज़ोर वर्गों को यह राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह इसलिए संभव हुआ है क्योंकि पहली बार राज्य का बजट आम आदमी के कल्याण के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी खजाने का एक-एक पैसा सार्वजनिक भलाई पर खर्च कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र को सबसे अधिक प्राथमिकता दे रही है क्योंकि इससे कमज़ोर और पिछड़े वर्गों की भलाई के लिए नए रास्ते खुलते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास राज्य में शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अब एक नए युग की शुरुआत हुई है जब सरकार द्वारा आए दिन नए प्रोजेक्ट जनता को समर्पित किए जा रहे हैं और युवाओं को नौकरियाँ मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि 67.84 करोड़ रुपये की कर्ज़ माफ़ी से लगभग 4800 परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब अनुसूचित जातियां भूमि विकास एवं वित्त निगम (पी.एस.सी.एफ.सी.) द्वारा 31 मार्च, 2020 तक बांटे गए ऋणों को माफ कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह माफ़ी पी.एस.सी.एफ.सी. द्वारा उपरोक्त तिथि तक बांटे गए सभी कर्ज़ों के लिए है जिससे अनुसूचित जाति (एस.सी) समुदाय और दिव्यांग वर्ग के कर्ज़दारों को अत्यधिक आवश्यक राहत मिली है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^