पंजाब विस चुनाव हेतु प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा कोर समिति की हुई बैठक
17-Jan-2022 10:55 PM 5514
नयी दिल्ली, 17 जनवरी (AGENCY) पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक गठबंधन सहयोगियों में कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा की अकाली दल संयुक्त के साथ सीट बंटवारे और विधानसभा क्षेत्रों को लेकर मामला अटका हुआ है। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बी एल संतोष , पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत, पंजाब भाजपा संगठन प्रभारी दुष्यंत गौतम, पंजाब भाजपा इकाई के अध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा, चुनाव सह प्रभारी मीनाक्षी लेखी सहित कोर समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक के बाद श्री गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि पंजाब में पार्टी प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चा की गयी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में 117 सीटों में से आधे से ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जो करीब 60 से 65 की संख्या के बीच होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सहयोगी दलों कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा की अकाली दल संयुक्त के साथ सीटों के बंटवारे और विधानसभा क्षेत्रों को लेकर बातचीत का दौर चल रहा है। श्री गौतम ने कहा कि पंजाब में चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि आगे बढ़ा दी है इसलिए पार्टी की एक और दौर की बैठक होगी जिसमें काफी कुछ तय हो जाएगा। पंजाब भाजपा कोर समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों की सूची पर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति 19 जनवरी को अपनी बैठक में मंथन करेगी और उसके बाद उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक एलान किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^