पशुपालन विभाग के 475 कार्मिकों को मिलेंगे पदोन्नति के अवसर
05-Jul-2022 08:26 PM 3571
जयपुर, 05 जुलाई (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पशुपालन विभाग में तकनीकी कर्मचारियों के पदों के क्रमोन्नयन एवं राज्य पशुपालन सेवा के अधिकारियों के पदों को क्रमोन्नत एवं पुनर्गठन को मंजूरी दी है जिससे 475 कार्मिकों को पदोन्नति के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। श्री गहलोत के निर्णय से विभाग में सहायक सूचना अधिकारी के 352 पदों तथा उप निदेशक के 123 पदों का सृजन हो सकेगा। पुनर्गठन के बाद प्रत्येक संभागीय अतिरिक्त निदेशक कार्यालय में एक अतिरिक्त निदेशक एवं तीन उप निदेशक, जिला कार्यालय में चार उपनिदेशक तथा एक वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी होंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट 2022-23 में विभिन्न सेवा/काडर में पदोन्नति के समुचित अवसर प्रदान करने की दृष्टि से आवश्यकतानुसार पुनर्गठन एवं पदोन्नति के पदों में वृद्धि करने के लिए घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने बीकानेर जिले के ग्राम पंचायत मुख्यालय देराजसर तथा ग्राम सातलेरा में नवीन आयुर्वेद औषधालय खोलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि ‘आयुष नीति-2021’ में निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नवीन आयुर्वेद औषधालय स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। आयुष विभाग द्वारा आयुष नीति-2021 के मापदंडों के आधार पर ग्राम पंचायत मुख्यालय देराजसर में नवीन आयुर्वेद औषधालय स्थापित करने तथा सातलेरा में नवीन आयुर्वेद औषधालय खोलने के लिए शिथिलता प्रदान करने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^