पतन की ओर बढ़ रहा इंडिया गठबंधन : जदयू
27-Jan-2024 04:16 PM 2200
पटना 27 जनवरी (संवाददाता) बिहार में तेजी से बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शनिवार को कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उसके गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण विपक्षी गठबंधन इंडिया पतन की ओर बढ़ रहा है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी प्रवक्ता के. सी. त्यागी ने संवाददाताओं से कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कड़ी मेहनत के बाद विपक्षी गठबंधन इंडिया की नींव रखी है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के प्रयासों से ही इंडिया गठबंधन की शुरुआत हुई लेकिन गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही। श्री त्यागी ने कहा, "कांग्रेस के असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार रवैये के कारण इंडिया गठबंधन पतन की ओर बढ़ रहा है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल में निर्वाचित सरकार के स्थान पर राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश कर रही है। इस तरह के रवैये से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी क्रोधित हो गईं और उन्होंने राज्य में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया, जिससे गठबंधन में मामले और बिगड़ गए। जदयू नेता ने कहा, "पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच आमना-सामना हो गया है और उनके रिश्ते इतने तनावपूर्ण होते जा रहे हैं कि सुधार से परे जा सकते हैं।" उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के हाथ मिलाने की संभावना प्रबल हो गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस ने श्री नीतीश कुमार के मजबूत विपक्षी गठबंधन इंडिया के सपने को चकनाचूर कर दिया है। गौरतलब है कि बिहार में अस्थिर राजनीतिक परिदृश्य में राजनीति में परिवार को बढ़ावा देने के मुद्दे पर श्री नीतीश कुमार के बयान के बाद जदयू और राजद के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए। श्री कुमार की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री श्री कुमार को सिद्धांतहीन नेता बताया था। हालांकि, रोहिणी ने बाद में सोशल साइट से पोस्ट को डिलीट कर दिया था। लेकिन, श्री कुमार तब तक काफी नाराज हो चुके थे। अब राजद और श्री नीतीश कुमार के बीच रिश्ते सुधरने से ज्यादा खराब होते नजर आ रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^