पेरू में चल रहे राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों में 42 लोगों की मौत
14-Jan-2023 12:01 PM 6643
लीमा, 14 जनवरी (वार्ता/स्पूतनिक) पेरू में पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो के समर्थकों और सुरक्षा बलों के बीच हुए राष्ट्रव्यापी संघर्ष में एक पुलिस अधिकारी सहित 42 नागरिकों की मौत हो गयी है। अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने यह जानकारी दी। कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विरोध प्रदर्शनों में विशेषकर दक्षिणी क्षेत्र में 355 नागरिकों और 176 राष्ट्रीय पुलिस एजेंटों सहित 531 लोग घायल हो गए तथा 329 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर दंगे, हिंसा, अधिकारियों के विरोध और सार्वजनिक सेवाओं में बाधा डालने के आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। श्री कैस्टिलो के समर्थकों ने नयी राष्ट्रपति डीना बोलुआर्टे को इस्तीफा देने के लिए कहा और श्री कैस्टिलो की रिहाई के साथ-साथ राष्ट्रपति चुनाव कराने की मांग की। सुश्री बोलुआर्टे ने 14 दिसंबर को हिंसा रोकने के लिए राष्ट्रव्यापी 30-दिवसीय आपातकाल की घोषणा की। पुलिस ने गुरुवार रात अयाचुचो पीपुल्स डिफेंस फ्रंट के अध्यक्ष रोशियो लिएंड्रो मेलगर को गिरफ्तार कर लिया। अयाचुचो में दिसंबर में सबसे अधिक हिंसा हुई थी। पेरु की संसद ने सात दिसंबर, 2022 को पूर्व राष्ट्रपति कैस्टिलो पर महाभियोग लगाया और उन्हें तख्ता पलटने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने महाभियोग से पहले संसद को भंग करने की कोशिश की थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री डीना बोलुआर्टे को देश का नया नेता नियुक्त किया गया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^