फिलीपींस में मान-यी तूफान से आठ लोगों की मौत
18-Nov-2024 06:24 PM 2406
मनीला 18 नवंबर (संवाददाता) फिलीपींस में सप्ताहांत में मान-यी तूफान से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। नुएवा विज्काया प्रांतीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन कार्यालय (पीडीआरआरएमओ) ने अंबागुइओ शहर में भूस्खलन में घर दब जाने से कम से कम सात लोगों की मौत होने की पुष्टि की। पीडीआरआरएमओ के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा “ हम अभी भी आपदा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। वैसे उन्हें पत्रकारों से सार्वजनिक रूप से बात करने का अधिकार नहीं है।” फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज़ मार्कोस ने संवाददाताओं को बताया कि मनीला के दक्षिण-पूर्व में कैमरिन्स नोर्टे प्रांत में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। देश के शीर्ष आपदा समन्वयक, राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन परिषद ने अभी मान-यी के कारण हुई मौतों और नुकसान की रिपोर्ट नहीं दी है। मान-यी एक महीने से भी कम समय में फिलीपींस में आया छठा शक्तिशाली तूफान है। यह इस साल फिलीपींस में आने वाला 16वां उष्णकटिबंधीय चक्रवात है। लगातार आए चक्रवातों ने भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के साथ लूजोन और द्वीपसमूह के अन्य हिस्सों में तबाही मचा दी। मान-यी के आज दोपहर को फिलीपींस से बाहर निकलने की उम्मीद है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^