फ्रांस से हार के साथ भारत ने चौथे स्थान पर समाप्त किया जूनियर हॉकी विश्व कप अभियान
05-Dec-2021 07:37 PM 6706
भुवनेश्वर, 05 दिसंबर (AGENCY) भारत ने यहां रविवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में फ्रांस से 3-1 से हारने के बाद अपना एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2021 अभियान चाैथे स्थान पर समाप्त किया। टिमोथी क्लेमेंट की शानदार हैट्रिक की बदौलत फ्रांस ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार भारत को पछाड़ा और तीसरे स्थान पर कब्जा किया। इससे पहले फ्रांस ने 24 नवंबर को टूर्नामेंट में अपने शुरुआती मुकाबले में भारत को 5-4 से हराया था। भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में रविवार शाम साढ़े चार बजे खेले गए मैच की शुरुआती कड़ी रही। दोनों ही टीमों ने पहले क्वार्टर में कड़ी चुनौती पेश करते हुए एक-दूसरे को एक भी गोल नहीं करने दिया। तीसरा क्वार्टर भी गोल रहित रहने की उम्मीद थी, लेकिन टिमोथी क्लेमेंट ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर फ्रांस को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसी तरह उन्होंने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में 34वें मिनट में भी पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और बढ़त 2-0 कर दिया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में हालांकि भारत ने पलटवार किया। सुदीप चिरमाको ने 42वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागते हुए भारत का खाता खोला और स्कोर को 2-1 किया, लेकिन टिमोथी ने 47वें मिनट में एक और गोल दाग कर भारत की मैच में वापस आने की उम्मीद को कम कर दिया। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और परिणामस्वरूप फ्रांस 3-1 से विजयी घोषित हुआ। फ्रांस ने इसी के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए अपना जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2021 अभियान समाप्त किया, जबकि गत विजेता भारत को चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^