30-Jul-2023 11:50 PM
6726
इंदौर, 30 जुलाई (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती 15 माह की कमलनाथ सरकार के दौरान राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर था और वल्लभ भवन (राज्य सचिवालय) दलालों का अड्डा बन गया था।
श्री चौहान यहां केंद्रीय गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा के संभाग स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री शाह ने भी अपने संबोधन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को निशाने पर लेते हुए 15 माह की कांग्रेस सरकार की नाकामियां बतायीं। वहीं आकड़ों के माध्यम से राज्य की भाजपा सरकार और प्रदेश संगठन की सराहना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्टी नेता भूपेंद्र यादव, कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य नेता भी मौजूद थे।
श्री चौहान ने कहा कि 15 माह में जो भ्रष्टाचार हुआ, उन्होंने कभी नहीं देखा। अनेक सिंचाई योजनाओं की निविदाएं निकाली गयीं। ठेकेदारों को काम किए बगैर ही एडवांस पेमेंट कर दिया गया और इसके एवज में 'कमीशन' लिया गया। उन्होंने कहा कि अभी कुछ मामले ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) में चल रहे हैं। यही नहीं कांग्रेस सरकार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। इनके खिलाफ झूठे मुकदमे भी बनाए गए।
श्री चौहान ने कहा कि पहले की भाजपा सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को श्री कमलनाथ ने बंद कर दिया था। उस समय 'ट्रांसफर उद्योग' चल रहा था। इस आयोजन को श्री विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्री शाह ने 'श्रीमान बंटाधार' और 'करप्शन नाथ' का जिक्र करते हुए कहा कि 20 वर्ष पहले राज्य सरकार का सालाना बजट मात्र 23 हजार करोड़ रुपए का था, जो अब भाजपा सरकार में बढ़कर तीन लाख चौदह हजार करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों से संबंधित आकड़े बताए और कहा कि यह सब कार्य सिर्फ भाजपा के शासन में ही संभव हैं।
श्री शाह ने सम्मेलन में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि कोई भी चुनाव मंच पर बैठा नेता नहीं, बल्कि सामने बैठे कार्यकर्ता ही जिताते हैं। उन्होंने इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव और इसके बाद अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब फिर से सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से विजय हासिल करने और लोकसभा में राज्य की सभी 29 सीटों पर पार्टी का परचम लहराने का संकल्प लें। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन देश में पार्टी का सर्वश्रेष्ठ संगठन माना जाता है।
श्री शाह ने इंदौर की देवी अहिल्याबाई होल्कर का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने इसके अलावा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे और वरिष्ठ नेता राजमाता विजयाराजे सिंधिया का भी जिक्र करते हुए उन्हें नमन किया।...////...