प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करवा कर ममता ने किया मानवता को शर्मसारः नड्डा
28-Aug-2024 12:49 AM 8770
नयी दिल्ली 27 अगस्त (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर पुलिस की ओर से किये गये लाठीचार्ज की निंदा की है और इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कदम करार दिया है। श्री नड्डा ने मंगलवार को कहा, "आज पश्चिम बंगाल की सड़कों पर ममता बनर्जी सरकार और उनकी बर्बर पुलिस द्वारा इंसाफ की मांग कर रहे डॉक्टरों, बंगाल के युवाओं और महिलाओं पर हिंसा और दमनकारी चक्र का जो तांडव देखा है, वह निंदनीय तो है ही, साथ ही मानवता को भी शर्मसार करने वाला है।" उन्होंने कहा, "बंगाल में एक बेटी के साथ निर्ममता की सारी हदें पार कर दी जाती हैं - मगर सुश्री ममता बनर्जी चुप हैं, स्त्री की अस्मिता को तार-तार कर दिया जाता है, मगर सुश्री ममता बनर्जी चुप हैं, बेटी के माँ बाप को भटकाया जाता है, मगर सुश्री ममता बनर्जी चुप हैं।" उन्होंने सुश्री बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा, "जब देश की युवा शक्ति ने इस अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने की कोशिश की, नबन्ना अभियान निकाला, तब सुश्री ममता बनर्जी को अपने मुख्यमंत्री होने का एहसास हुआ और उन्होंने दोषियों को बचाने के लिए निर्ममता की हदों को पार कर दिया। सरकार ने 6,000 पुलिस जवान तैनात किए। हावड़ा ब्रिज को सील कर दिया।" उन्होंने कहा कि बंगाल की सड़कों पर देश की युवा शक्ति छात्रों पर लाठी बरसाए गए, पानी की बौछार की गयी। मैं पूछता हूँ 'छात्र समाज' की मांग क्या थी? यही की आरजी कर अस्पताल में हुए जघन्य अपराध के दोषियों पर कार्रवाई हो, बंगाल की बेटी को न्याय मिले। सुश्री ममता बनर्जी महिला मुख्यमंत्री हो कर भी बंगाल की महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करवाने में असफल रही हैं।" उन्होंने कहा कि बंगाल में सुश्री बनर्जी ने निर्ममता और तानाशाही की सारी हदें पार कर दी है। चाहे भाजपा के कार्यकर्ताओ की निर्मम हत्या हो, संदेशखाली और आरजी कर चिकित्सा महाविद्यालय के मामले में दोषी को बचाने के लिए सरकार और प्रशासन की मिलीभगत हो, सभी मामलों में बंगाल की मुख्यमंत्री का तानाशाह रवैया देखने को मिला है। उन्होंने कहा, "सुश्री ममता ऐसे गुनहगारों को बचने का प्रयास कर रही हैं, इसमें उनकी क्या मजबूरी है।" उन्होंने कहा कि कोलकाता और पूरे पश्चिम बंगाल की गलियों में ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, जहां आम लोग सुश्री बनर्जी के खिलाफ अपने घरों से बाहर निकल आए हैं। सामान्य नागरिकों की भावना को ध्यान में रख कर भाजपा ने कल (बुधवार) सुबह 06 बजे से 12 घंटे के लिए बंगाल बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, "हमे विश्वास है कि बंगाल की जनता हमारे साथ कल खड़ी रहेगी और सुश्री ममता बनर्जी के घमंड को चूर–चूर करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^