प्रदेश के नगरीय निकायों के 109 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए : भूपेंद्र सिंह
23-Jun-2022 10:11 PM 6469
भोपाल, 23 जून (AGENCY) मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आज बताया कि प्रदेश में कुल 109 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मंत्री श्री सिंह ने अपने बयान में कहा कि भाजपा के पक्ष में निर्विरोध निर्वाचित पार्षदों की यह बड़ी संख्या इस बात का संकेत है कि प्रदेश की अन्य सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं व नगर परिषदों में हो रहे चुनाव परिणामों में भाजपा को शानदार सफलता मिलेगी और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश की रतलाम नगर निगम में भाजपा से एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। 76 नगर पालिकाओं के एक हजार 795 वार्डों में चुनाव चल रहे हैं, जिनमें से 12 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कुल 255 नगर परिषदों के तीन हजार 828 वार्डों में से 96 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। श्री सिंह ने अपने गृह क्षेत्र सागर नगर निगम में भी पार्टी की सफलता का दावा किया। वहीं अपनी विधानसभा खुरई के संबंध में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खुरई विधानसभा क्षेत्र की नगर परिषदों में प्रत्याशी नहीं मिल सके, जिसके कारण उन्होंने सूची भी जारी नहीं की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^