प्रधान ने 'परीक्षा पे चर्चा' तैयारियों का लिया जायजा
25-Jan-2023 11:32 PM 4917
नई दिल्ली, 25 जनवरी (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले 'परीक्षा पे चर्चा- 2023' कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। श्री प्रधान ने मुख्य कार्यक्रम में शामिल वाराणसी के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार कलाकृतियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली और उसकी सराहना कर छात्र-छात्राओं की हौसला अफजाई की। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय के कला शिक्षक चित्रकार कौशलेश कुमार ने बताया उनके निर्देशन में "हमारी संस्कृति हमारा गौरव है" के तहत एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के आलोक में काशी तमिल संगमम सभ्यता संस्कृति को एक बड़े आकार के छाता पर चित्रित किया गया है। इसके अलावा एक कैनवास के बड़े मास्क पर "परीक्षा एक उत्सव - उमंग एवं उल्लास से मनाए" का संदेश अपनी कला के माध्यम से दिया है। वाराणसी से आयी इन कलाकृतियों के बारे में श्री प्रधान ने वाराणसी के छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व कर रहीं खुशी यादव से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कला को बहुत सराहा। वह इतना प्रभावित हुए कि अपने टि्वटर हैंडल से ट्वीट किया। वहां मौजूद अन्य पदाधिकारीगण रंग-बिरंगे छाता पर चित्रित चित्रों को हाथ में लेकर सेल्फी ली। छाता पर चित्र बनाने वाले छात्रों में खुशी के अलावा जागृति गुप्ता, जोया राजर्शी, कुमारी ट्विंकल, वंशिका पांडे , श्रेया पांडे, प्रज्ञा परमिता, कुशाग्ररी सिंह, अनुज कुमार, अलीशा आर्यन, अंकिता गौतम, स्नेहा, माइल गुप्ता एवं अक्षरा श्रीवास्तव आदि शामिल हैं। मास्क पर चित्रकारी करने वाले दल में वैष्णवी मिश्रा, स्वधा पांडे, महिमा कुमारी, अवनी एवं प्रज्ञा परमिता शामिल हैं। शिक्षक श्री कुमार ने बताया कि जब प्रधानमंत्री खुद प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं से बातचीत करेंगे तो वह विद्यालय एवं वाराणसी के लिए गर्व का पल होगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^