प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता बिहार का समग्र विकास : शाहनवाज
12-Nov-2024 08:28 PM 1195
पटना 12 नवंबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आज दावा किया कि बिहार का समग्र विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्राथमिकता में शामिल है। श्री हुसैन ने मंगलवार को यहां कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में बिहार का तेज गति से विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्राथमिकता है बिहार का समग्र विकास। दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के भूमि पूजन और शिलान्यास में शामिल होकर प्रधानमंत्री श्री मोदी बिहारवासियों को बड़ी सौगात देंगे। खासकर उत्तर बिहार के लोगों के लिए दरभंगा एम्स बड़ा तोहफा साबित होगा। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की राजग सरकार बिहार के बहुमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार में सड़कों और पुलों का जाल बिछ चुका है। हवाई और रेल यातायात के क्षेत्र में भी बिहार बहुत आगे बढ़ रहा है। पटना के बाद दरभंगा में भी एम्स बनने से बिहार के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। श्री हुसैन ने कहा कि देश में जहां भी राजग की सरकार है, उन राज्यों के विकास की गति काफी तेज है। बिहार की राजग सरकार ने भी राज्य को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है और इसीलिए राज्य की जनता का पूरा विश्वास राजग सरकार पर है। उन्होंने कहा कि बिहार की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी राजग की जीत तय है। बिहार के मुख्यमंत्री श्री कुमार के प्रति प्रदेशवासियों का विश्वास और स्नेह अडिग है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^