राहुल गांधी पर जनता नहीं करती भरोसा: शेखावत
07-Jun-2025 10:46 PM 6501
जोधपुर, 07 जून (संवाददाता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह चाहे चुनाव आयोग या अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर कितनी भी फौरी टिप्पणियां क्यों न कर लें लेकिन देश की जनता उन पर भरोसा नहीं करती। श्री शेखावत शनिवार शाम यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी पर देश की जनता ने पहले भी भरोसा नहीं किया था, आज भी नहीं करती है और भविष्य में भी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक उपलब्धियों को बार-बार कठघरे में खड़ा करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री राहुल गांधी की टिप्पणियों का उद्देश्य न केवल भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना है बल्कि देश की संस्थाओं के प्रति आम जनमानस में सम्मान और विश्वास को भी कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि उनकी यह मानसिकता बताती है कि राहुल गांधी जैसे नेता भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और उसकी संस्थाओं की मजबूती को स्वीकार करने में असमर्थ हैं किंतु देश की जागरूक जनता न तो उनके बयानों से भ्रमित होती है, न ही ऐसे गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर भरोसा करती है। राजस्थान में गुर्जर आरक्षण आंदोलन को लेकर पूछे सवाल पर श्री शेखावत ने कहा कि सरकार इस संदर्भ में बातचीत कर रही है और जल्द ही निष्कर्ष निकल जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^