राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव मैदान में उतरे
03-May-2024 08:52 AM 7956
नयी दिल्ली, 03 मई (संवाददाता) कांग्रेस ने गांधी परिवार के परंपरागत लोकसभा संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश के रायबरेली और अमेठी को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम लगाते हुए आज पार्टी नेता राहुल गांधी को रायबरेली से भी चुनाव मैदान में उतार दिया। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने रायबरेली से श्री गांधी तथा अमेठी से श्री किशोरी लाल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट गांधी परिवार की परंपरागत सीट हैं। श्री गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने तथा श्रीमती सोनिया गांधी के लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के कारण इन दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर चर्चा चल रही थी। श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के रायबरेली से तथा श्री गांधी के अमेठी से चुनाव मैदान में उतरने के कयास लगते जा रहे थे। रायबरेली सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं और उनके अब लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद गांधी परिवार की इस परंपरागत सीट पर श्री गांधी को चुनाव मैदान में उतर गया है। श्री गांधी केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं। श्री गांधी तीन बार अमेठी से लोकसभा सदस्य रहे हैं लेकिन 2019 का चुनाव वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्मृति ईरानी से हार गए थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^