राजा शिवाजी स्वराज्य विरासत और साहस का उत्सव है: ज्योति देशपांडे
22-May-2025 02:53 PM 5046
मुंबई, 22 मई (संवाददाता) जियो स्टूडियोज (मीडिया एंड कंटेंट बिजनेस-आरआईएल) की अध्यक्ष ज्योति देशपांडे ने कहा कि फिल्म 'राजा शिवाजी' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह स्वराज्य विरासत और साहस का उत्सव है। जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की आगामी महत्वाकांक्षी फिल्म, 'राजा शिवाजी' एक मई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी। रितेश देशमुख निर्देशित यह फिल्म एक ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा है,जो छह भाषाओं मराठी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी। 'राजा शिवाजी' में महाराष्ट्र की गौरवशाली गाथा और भारत के महानतम योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन को दर्शाया गया है, जिसे भारत और वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।ज्योति देशपांडे ने कहा, शिवाजी महाराज की कहानी को वही व्यक्ति जीवंत कर सकता है, जिसके दिल में इसके लिए खास जगह हो, और रितेश ने जेनिलिया के साथ मिलकर इस जुनून को उद्देश्य के साथ किया है। हमारा लक्ष्य भाषा या स्थान की परवाह किए बिना, हर भारतीय तक शिवाजी महाराज के प्रेरणादायक जीवन को पहुंचाना है। इस फिल्म में मनोरंजन उद्योग के कुछ बेहतरीन कलाकारों ने काम किया है, यह प्रोजेक्ट हमारे सबसे महत्वाकांक्षी प्रयासों में से एक है। यह महाराष्ट्र की भावना और उसके महानतम सपूतों में से एक की वीरता को सिनेमाई सलाम है।मुंबई फिल्म कंपनी की निर्माता, जेनेलिया देशमुख ने कहा,यह फिल्म सालों के जुनून, तैयारी और उद्देश्य का परिणाम है। 'राजा शिवाजी' हमारा सबसे महत्वाकांक्षी सपना है - छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत को एक श्रद्धांजलि और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सिनेमाई उपहार है। जियो स्टूडियोज के साथ मिलकर काम करने से हमें एक अभूतपूर्व पैमाने पर सोचने और बनाने की ताकत मिली है। हमारा मानना है कि भारतीय सिनेमा के लिए विश्व मंच पर अपनी जगह बनाने का यह सही समय है, और यह कहानी इससे कम कुछ भी डिजर्व नहीं करती है।फिल्म 'राजा शिवाजी' में हिंदी और मराठी सिनेमा के एक से बढ़कर एक बड़े लोकप्रिय कलाकारों, जैसे संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जेनेलिया देशमुख, और रितेश विलासराव देशमुख ने अभिनय किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^