राजस्थान में कांग्रेस का महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन
05-Aug-2022 07:52 PM 6812
जयपुर, 05 अगस्त (AGENCY) राजस्थान में कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ आज राजधानी जयपुर सहित विभिन्न जिलों में धरना-प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी। केन्द्र सरकार की गलत नीतियों से देश में बढ़ती मंहगाई एवं बेरोजगारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जयपुर में सिविल लाईन्स फाटक पर प्रदर्शन किया तथा राजभवन का सांकेतिक घेराव करते हुए सामूहिक गिरफ्तारी दी। इस अवसर पर श्री डोटासरा ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में अराजकता का माहौल है, मंहगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है जिससे उद्वेलित होकर पूरे देश में केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश, प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का शासन आने से पूर्व श्री नरेन्द्र मोदी को जब प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था तब श्री मोदी मंहगाई एवं बेरोजगारी को घटाने के बड़े-बड़े दावे किये थे। उन्होंने कहा कि लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री मोदी ने जनता से किये गये वादों को भुला दिया है तथा देश की जनता सत्तर साल का हिसाब मांगने वाले लोगों से अब आठ साल में मंहगाई एवं बेरोजगारी पर केन्द्र सरकार से जवाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुने हुये जनप्रतिनिधि संसद में मंहगाई पर चर्चा करना चाहते हैं, मोदी सरकार को जनता से किये वादे याद दिलाकर आठ साल का हिसाब मांगना चाहते हैं, किन्तु मोदी सरकार मंहगाई एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता की वस्तुओं की जिस प्रकार मूल्य वृद्धि हुई है उससे आम आदमी के घर का बजट गड़बड़ा गया है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहिनों को गैस का सिलेण्डर भरवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है तथा बच्चों को दूध-दही खिलाने में भी मुश्किल हो रही है। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चरम पर होने के बावजूद करों का पुर्नभरण कर पेट्रोल-डीजल के दामों में मूल्य वृद्धि को रोकने में सफलता पाई गई थी तथा जनता पर मंहगाई का बोझ नहीं पड़ने दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज के हालात में महंगाई के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। श्री डोटासरा ने कहा कि इस कारण कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज देशभर में प्रदर्शन कर केन्द्र की मोदी सरकार को चेतावनी दी हैं कि देश में अविलम्ब महंगाई कम की जाये नहीं तो वर्ष 2024 में केन्द्र की सत्ता से विदाई के लिये तैयार रहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आज भाई को भाई से लड़ा रही है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर महंगाई एवं बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^