रामनाथ कोविंद तीन दिन की मध्यप्रदेश यात्रा के बाद दिल्ली रवाना
29-May-2022 06:28 PM 1973
इंदौर, 29 मई (AGENCY) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मध्यप्रदेश की तीन दिन की यात्रा के बाद आज शाम विशेष विमान से यहां से दिल्ली रवाना हो गए। राष्ट्रपति उज्जैन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद यहां संक्षिप्त प्रवास पर पहुंचे थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री कोविंद उज्जैन से इंदौर विमानतल पर आए और कुछ पल बिताने के बाद दिल्ली रवाना हुए। विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, श्रीमती साधना सिंह चौहान, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र, कलेक्टर मनीष सिंह, अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। राष्ट्रपति को श्री चौहान ने राज्य की यात्रा संपन्न होने पर स्मृति चिन्ह भेंट किया। जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने राष्ट्रपति को अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके पहले श्री कोविंद ने उज्जैन में आयुर्वेद पर आधारित एक राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा की। उन्होंने महाकाल मंदिर परिसर के विस्तार कार्यों के बारे में जानकारी हासिल कर उसका अवलोकन भी किया। राष्ट्रपति 27 मई की देर शाम पुणे से भोपाल पहुंचे थे। उस दिन उन्होंने भोपाल के राजभवन में रात्रिविश्राम किया। अगले दिन यानी 28 मई को उन्होंने दो कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ ही अपना संबोधन दिया। ये कार्यक्रम भी आयुर्वेद और स्वास्थ्य पर केंद्रित थे। राजभवन में ही रात्रिविश्राम के बाद राष्ट्रपति आज सुबह उज्जैन पहुंचे थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^