रांची में हुई उपद्रव की घटना पूरी तरह से सुनियोजित थी और इसमें देश विरोधी शक्तियों का हाथ है: रघुवर
15-Jun-2022 07:44 PM 3871
रांची, 15 जून (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची में हुई उपद्रव की घटना पूरी तरह से सुनियोजित थी और इसमें देश विरोधी शक्तियों का हाथ है। श्री दास ने यहां कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी के बावजूद राज्य सरकार ने किसी प्रकार के ठोस तैयारी नहीं की, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना हो गई हुई। केवल मैं ही नहीं राज्य की सवा तीन करोड़ जनता मामले की जांच एन आई ए से कराने की मांग कर रही है। श्री दास ने आज रांची के मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर में पूजा और घटना की जानकारी लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी के भी पूजा स्थल मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा या गिरजाघर पर पत्थरबाजी की घटना निंदनीय है, अक्षम्य है। रांची में विभिन्न मंदिरों पर हमले हुए, पुजारियों को मारा गया। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सरकार की लापरवाही के कारण रांची का आपसी भाईचारा व सौहार्द बिगड़ गया है। सांप्रदायिक शक्तियों को बल मिला है। घटना में मंदिर में हमले के अलावा आम लोगों के वाहनों के साथ तोड़फोड़, पुलिस के जवानों पर पत्थरबाजी और दो बच्चों की मौत के लिए हेमंत सरकार जिम्मेदार है। श्री दास ने कहा कि पुलिस की जांच में भी यह बात सामने आ रही है कि यह उपद्रव योजनाबद्ध तरीके से किया गया। नमाज के बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने लोगों को भड़काया और यह घटना घटी। मैं मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों से अपील करता हूं कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनका बहिष्कार करें। उन्हें समाज से बाहर करें। वर्तमान सरकार सांप्रदायिक शक्तियों के आगे नतमस्तक है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^