16-Jul-2022 09:09 PM
6404
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (AGENCY) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शनिवार को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिये 322-सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। इस टीम में 215 एथलीट और 107 अधिकारी एवं सहायक कर्मी हैं जो 28 जुलाई से खेलों में हिस्सा लेंगे।
भारतीय स्क्वाड 2018 के गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के अपने प्रदर्शन को सुधारना चाहेगी, जहां वह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पीछे तीसरे स्थान पर रहा था।
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने आधिकारिक घोषणा पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “हम राष्ट्रमंडल खेलों में अपने सबसे मजबूत दस्तों में से एक को भेज रहे हैं। हमारा सबसे मजबूत खेल शूटिंग यहां नहीं है, लेकिन हमें विश्वास है कि हमारा प्रदर्शन पिछले संस्करण से बेहतर होगा। भले ही प्रतियोगिता विश्व स्तरीय होगी लेकिन हमारे एथलीटों ने अच्छी तैयारी की है और प्रतियोगिता में जाने के लिए उतावले हैं। हम उन सभी को शुभकामनाएं देते हैं।"
उन्होंने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली भारत सरकार ने हाल के वर्षों में ओलंपिक खेलों को अभूतपूर्व समर्थन प्रदान किया है और ओलंपिक खेलों में हमारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसका प्रमाण है। हम इसके लिए हमेशा आभारी रहेंगे और हमारे एथलीट यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके द्वारा किए गए अथक प्रयासों के लिए समृद्ध पुरस्कार प्राप्त हों।”
नीरज चोपड़ा के अलावा टीम में ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पुनिया और रवि कुमार दहिया जैसे कुछ प्रमुख नाम शामिल हैं। गत राष्ट्रमंडल चैंपियन मनिका बत्रा, विनेश फोगट के साथ-साथ 2018 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तजिंदरपाल सिंह तूर, हिमा दास और अमित पंघल की उपस्थिति ने टीम को मजबूत किया है।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के उपाध्यक्ष राजेश भंडारी को टीम का शेफ डी मिशन नियुक्त किया गया है।
टीम इंडिया 15 खेल विधाओं के साथ-साथ पैरा स्पोर्ट्स कैटेगरी की चार विधाओं में भी प्रतिस्पर्धा करेगी। भारत मुक्केबाजी, बैडमिंटन, हॉकी, भारोत्तोलन, राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार हो रहे महिला क्रिकेट और कुश्ती जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत खेलों में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगा। एथलेटिक्स, साइक्लिंग, तैराकी और टेबल टेनिस में भी भारतीय दस्ते मजबूत हैं और चुनौती के लिए तैयार हैं।
दस्ते के विभिन्न सदस्य पिछले कुछ दिनों में विभिन्न चरणों में बर्मिंघम पहुंच चुके हैं, जो उनके संबंधित कोचों द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण व्यवस्था पर निर्भर करता है। कुछ सदस्य विभिन्न वैश्विक स्थानों पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे जबकि बाकी दल नयी दिल्ली से रवाना होंगे।
राष्ट्रमंडल खेल गांव आधिकारिक तौर पर 23 जुलाई, 2022 को टीमों के लिए अपने दरवाजे खोलेगा।...////...