21-Jun-2022 11:54 PM
8586
नयी दिल्ली, 21 जून (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने देश के 16वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए एक आदिवासी महिला उम्मीदवार के रूप में झारखंड की पूर्व राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को चुना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में आज देर शाम यहां पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में हुई संसदीय दल की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज की संसदीय बोर्ड की बैठक में हम सभी लोग इस मत पर आए कि भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के सभी घटक दलों के साथ बातचीत करते हुए हम राष्ट्रपति के लिए अपना प्रत्याशी घोषित करें।
उन्होंने कहा कि पहली बार किसी आदिवासी महिला उम्मीदवार को प्राथमिकता दी गई है। राजग की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को घोषित किया गया है।
इससे पहले करीब साढ़े सात बजे प्रधानमंत्री श्री मोदी भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे जहां पार्टी अध्यक्ष श्री नड्डा ने उनकी अगवानी की। संसदीय बोर्ड की बैठक में श्री मोदी और श्री नड्डा के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष शामिल हुए। बैठक करीब दो घंटे तक चली।
श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के भुवनेश्वर में हुआ। उन्होंने रमादेवी वूमेंस यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वह 17 मई 2015 से 2021 तक झारखण्ड की राज्यपाल रही। वह झारखंड की पहली महिला राज्यपाल थी। वह पहली ओडिशा की नेता जिन्हें राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया था।
वह वर्ष 2000 से 2009 तक ओडिशा विधानसभा की सदस्य रही। ओडिशा के मयूरभंज जिले की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू ओडिशा में दो बार रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक रही। वह राज्य सरकार में मंत्री भी रही। वह 1997 में ओडिशा में भाजपा के आदिवासी मोर्च की उपाध्यक्ष थी।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित किये गये हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज ही तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दिया है।...////...