राष्ट्रीय स्तर की रैली के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना सौभाग्य की बात है-डोटासरा
03-Dec-2021 10:20 PM 7418
जयपुर, 03 दिसम्बर (AGENCY) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश में बढ़ती मंहगाई के विरूद्ध अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाये जा रहे जन जागरण अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर की रैली के आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश को मिलना सौभाग्य की बात है। श्री डोटासरा आज जयपुर में आगामी 12 दिसम्बर को आयोजित होने वाली मंहगाई हटाओ रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अजय माकन एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्यों, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, वर्तमान. निवर्तमान जिलाध्यक्षों एवं अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्षों ने भाग लिया। श्री डोटासरा ने कहा कि बढ़ती मंहगाई को रोक पाने में असफल भाजपा की केन्द्र सरकार के विरूद्ध आम जनता आक्रोशित है। बैठक को सम्बोधित करते प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 12 दिसम्बर को आयोजित होने वाली मंहगाई हटाओ रैली का आयोजन दिल्ली से बाहर जयपुर में होना यह सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिये गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गॉंधी ने जो विश्वास हम पर जताया है, रैली को सफल बनाकर हम सब उनके विश्वास पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पहली दफा राष्ट्रीय स्तर की रैली दिल्ली से बाहर जयपुर में आयोजित हो रही है जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, एआईसीसी पदाधिकारीगण, अनेक मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय नेता भाग लेंगे। बैठक को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि बढ़ती मंहगाई के विरूद्ध आयोजित होने वाली मंहगाई हटाओ रैली देश के लिये महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह रैली नहीं मोदी सरकार को उनके कुशासन के विरूद्ध चेतावनी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल एवं डीजल पर कई गुणा एक्साईज ड्यूटी बढ़ाकर देश की जनता को मंहगाई के बोझ तले दबा दिया है। उन्होंने कहा कि देश में हर व्यक्ति मंहगाई से त्रस्त है। श्री वेणुगोपाल ने प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि महामारी के समय पहले से त्रस्त जनता को मंहगाई से राहत देने के लिये पेट्रोल एवं डीजल पर वेट कम करने का निर्णय सर्वप्रथम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लेकर जनता को राहत पहुॅंचाई थी तथा हाल ही में भी श्री गहलोत ने पेट्रोल व डीजल पर वैट कम कर राजस्थान सरकार की संवेदनशीलता का परिचय दिया है। बैठक को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा 12 दिसम्बर को दिल्ली में आयोजित होने वाली मंहगाई हटाओ रैली की इजाजत को निरस्त करना भाजपा का दुस्साहस है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जनभावनाओं की परवाह नहीं करते हैं, इनका लोकतंत्र में विश्वास नहीं है तथा सोच भी फासीवादी है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है उसकी शपथ लेकर ही जनप्रतिनिधि अपने पदों पर आसीन होते हैं, किन्तु आज केन्द्र सरकार के कार्य संविधान की भावनाओं के विरूद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को अत्यधिक घमण्ड है कि वे लोकप्रिय हैं, किन्तु समय के साथ उनकी गलत नीतियों के कारण लोकप्रियता में कमी आई है और उनका अभिमान टूट रहा है, क्योंकि हाल ही में हुए उप चुनावों में भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ी, राजस्थान में भाजपा के प्रत्याशी तीसरे-चौथे नम्बर पर आये हैं तथा जमानत भी जप्त हो गई है। श्री गहलोत ने कहा कि रैली की तैयारियों के माध्यम से सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीगण आम जनता के बीच पहुॅंचकर सन् 2023 में होने वाली आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की ओर एक कदम बढ़ायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्रीगण और प्रभारी पदाधिकारीगण ब्लॉक स्तर तक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर रैली के सफल आयोजन हेतु सभी व्यवस्थाओं का जायजा लें जिससे रैली में भाग लेने में किसी को असुविधा का सामना ना करना पड़े। बैठक को कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर मीणा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी सम्बोधित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^