रिलायंस कन्ज्यूमर प्रोडक्ट्स ने लोटस चाकलेट कंपनी का किया अधिग्रहण
29-Dec-2022 09:01 PM 3519
मुम्बई, 29 दिसंबर (संवाददाता) रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह की अनुषंगी रिलायंस कन्ज्यूमर प्रोडक्ट्स लि ने बीएसई शेयर बाजार में सूचीबद्ध लोटस चाकलेट कंपनी लि की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी 74 करोड़ रुपये में खरीदने की गुरुवार को घोषणा की। कंपनी ने कहा कि वह अधिग्रहीत की जा रही कंपनी के वर्तमान शेयरधारकों से और 26 प्रतिशत शेयर खरीदने के लिए खुली पेशकश करेगी। रिलायंस कन्ज्यूमर प्रोडक्ट्स लि रिलायंस रिटेल वेंचर्स लि की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसने लोटस चाकलेट और उसके वर्तमान प्रवर्तकों प्रकाश पी पई, अनंत पी पई और प्रवर्तक समूह के अन्य सदस्यों के साथ आज एक पक्का समझौता किया। कंपनी ने कहा है कि वह लाेटस के 65 लाख 48 हजार 935 शेयर खरीदेगी जो उसके कुल चुकता शेयरों का 51 प्रतिशत है। यह अधिग्रहण प्रति शेयर 113 रुपये के भाव पर कुल 74 करोड़ रुपये में खरीदा जायेगा। रिलायंस समूह की अनुषंगी कंपनी ने कहा है कि वह लोटस के और 33 लाख 38 हजार 673 शेयर खरीदने के लिए बाजार नियामक सेबी के अधिग्रहण संबंधी नियमों के अनुसार खुली पेशकश करेगी। ये शेयर अधिगृहीत की जाने वाली कंपनी के चुकता शेयरों के 26 प्रतिशत शेयरों के बराबर हैं। लोटस चाकलेट कंपनी मुम्बई शेयर बाजार में सूचीबद्ध है और पूरी दुनिया में चाकलेट की आपूर्ति करती है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^