11-Feb-2022 11:06 PM
7761
मॉस्को 11 फरवरी (वार्ता/स्पूतनिक) अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शुक्रवार को कहा कि रूस, यूक्रेन की सीमा पर नए बलों की तैनाती जारी रखे हुए है और किसी भी क्षण ‘आक्रमण’ शुरू हो सकता है।
श्री ब्लिंकन ने ऑस्ट्रेलिया, जापान, भारत और अमेरिका के बीच चतुर्भुज सुरक्षा वार्ता के ढांचे में एक बैठक के बाद एक ब्रीफिंग में बताया,“ यूक्रेनी सीमा के निकट रूसी सैनिकों के बढ़ते जमावड़े से हमें बेहद चिंताजनक संकेत मिल रहे हैं। जैसा कि हमने पहले कहा था, हम एक झरोखे में हैं जब किसी भी समय आक्रमण शुरू हो सकता है और ऐसे समय में जब ओलंपिक हो रहा है।”
श्री ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन के आसपास की तनावपूर्ण स्थिति को संभालने के लिए एक राजनयिक दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी और इसके तहत रूस को बातचीत में शामिल करने की लगातार कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि रूस अगर हमला करता है तो आर्थिक प्रतिबंधों से लेकर निर्यात पर रोक सहित अन्य ‘बड़े पैमाने पर परिणाम’ भी उसे भुगतने होंगे।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी यूरोप में यूक्रेन और नाटो की रक्षात्मक क्षमताओं को मजबूत करना जारी रखेंगे। अमेरिका यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित दूतावास से अपने राजनयिक कर्मचारियों को वापस लेना जारी रखेगा। साथ ही अमेरिकी नागरिकों से जल्द ही यूक्रेन छोड़ने का आह्वान किया गया है।
यूक्रेन और पश्चिमी देश रूस पर कथित ‘हमले’ की तैयारी में यूक्रेन की सीमा पर सैन्य जवानों की तैनाती करने का आरोप लगाते रहे हैं। रूस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
गुरुवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस किसी को धमकी नहीं दे रहा है, बल्कि उसे धमकाया जा रहा है। इसके अलावा, रूस ने यूक्रेन को घातक हथियारों की आपूर्ति करने वाले पश्चिमी समकक्षों को चेतावनी दी है कि यूक्रेन इसका इस्तेमाल डोनबास क्षेत्र के टूटे हुए हिस्सों के खिलाफ कर सकता है।...////...