सहारनपुर: शिवालिक वन क्षेत्र में दोगुनी हुई हाथियों की संख्या
26-Jul-2022 07:14 PM 4337
सहारनपुर, 26 जुलाई (AGENCY) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्थित शिवालिक वन क्षेत्र हाथियों को सुरक्षित माहौल भी दे रहा है और उन्हें लुभा भी रहा है। लगभग 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले शिवालिक वन क्षेत्र में अनुकूल माहौल मिलने से वर्तमान में हाथियों की संख्या 150 से ज्यादा हो गई हैं। जिला वन अधिकारी श्वेता सेन ने मंगलवार को बताया कि 03 साल पहले इस शिवालिक वन क्षेत्र में हाथियों की संख्या करीब 70 थी। उन्होंने बताया कि वनकर्मियों ने हाथियों के झुंड को जंगल में विचरण करते हुए अपने कैमरों में कैद किया है। सेन ने बताया कि जंगल में हाथियों को पेयजल के लिए पुल बनाए गए हैं। उनके जंगल में विचरण के लिए 12 स्थानों पर पानी के कुंड बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि इन जलाशयों में बारीश के दौरान अच्छी मात्रा में पानी एकत्रित हो जाता है। इसका इस्तेमाल वन्य जीव अपनी प्यास बुझाने के लिए करते हैं। सेन ने कहा कि शिवालिक वन क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व से भी जुड़ा हुआ है। इससे वन क्षेत्र में हाथियों के अलावा सांभर, तेंदुआ और चीतल की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। राजाजी टाइगर रिजर्व से हाथियों के झुंड शिवालिक वन क्षेत्र की ओर रूख कर रहे हैं। सेन ने उम्मीद जताई कि शिवालिक वन क्षेत्र में हाथियों की संख्या में और भी इजाफा हो सकता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^