22-Nov-2024 10:19 PM
5594
नयी दिल्ली 22 नवंबर (संवाददाता) दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने शुक्रवार को यहाँ एक कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों और नगर निकायों में नियुक्त 702 नए सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
श्री सक्सेना ने सभी नए नियुक्त कर्मचारियों को बधाई दी और समाज की भलाई के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का एक अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि यह स्थायी नियुक्तियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में कर्मचारियों द्वारा पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी विभागों में स्थायी रोजगार जिम्मेदारी और जवाबदेही लेकर आता है, जो 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण है।
श्री सक्सेना ने कहा कि अनुबंध और अस्थाई नियुक्तियों में नौकरी की सुरक्षा का अभाव होता है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके विपरीत, स्थायी रोजगार न केवल भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को समाप्त करता है, बल्कि सेवा की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करता है। उन्होंने सेवा विभाग और डीएसएसएसबी को लगभग 20,000 लंबित भर्तियों को शीघ्र भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।...////...