समाज में प्रत्येक धर्म की सद्भावना, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, देश की प्रगति के लिये महत्वपूर्ण है: मान
22-Nov-2024 12:57 AM 8424
मुबारकपुर (एस.ए.एस. नगर, मोहाली), 21 नवंबर (संवाददाता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए महान गुरुओं, संतों, महापुरुषों, पीरों-फकीरों और शहीदों के दिखाये मार्ग पर चल रही है। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति में जैन भगवती दीक्षा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जननेता के रूप में यह उनका कर्तव्य है कि वे राज्य के हर नागरिक के हितों की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि पंजाब एक पवित्र भूमि है, जहां विभिन्न धर्म, भाषायें और सामाजिक वर्गों के लोग शांति और सद्भाव से रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “ फूलों के विभिन्न रंग हर किसी की आंखों को सुकून देते हैं, और लोग इन्हें देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। इसी प्रकार, हर समाज में प्रत्येक धर्म की सद्भावना और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, देश की प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ” जैन समुदाय के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें हमेशा जैन समुदाय के संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस क्षेत्र में एक अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने के लिये समुदाय को पूरा सहयोग देने की घोषणा भी की। श्री मान ने उम्मीद जताई कि यह अस्पताल पूरे उत्तरी क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभायेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^