समर्पण निधि संग्रह अभियान धन संग्रह नहीं, हमारे संगठन और विचार के लिए समर्पण है: शर्मा
28-Feb-2022 11:02 PM 3853
भोपाल, 28 फरवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि भाजपा का समर्पण निधि संग्रह अभियान कोई धन संग्रह का अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारे संगठन और विचार के लिए समर्पण है। श्री शर्मा ने यह बात आज यहां प्रदेश कार्यालय में समर्पण निधि संग्रह अभियान को लेकर भोपाल नगर एवं ग्रामीण जिले की बैठक में कही। बैठक को भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी संबोधित किया। श्री शर्मा ने बैठक में कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने अपने जीवन का हर पल और हर क्षण भाजपा को खड़ा करने के लिए दिया है। आज देश में भाजपा के कारण कार्यकर्ताओं को जो मान सम्मान मिला है, वह श्री ठाकरे के परिश्रम के कारण संभव हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष में हम संगठन कार्य विस्तार और सुदृढ़ीकरण के अभियान में जुटे हुए है। टीम स्पिरिट की भावना से हमने बूथ विस्तारक योजना में सफलता हासिल की और देश के सामने एक मॉडल प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संगठन आत्मनिर्भर हो इसके लिए शुचिता के पक्षधर श्री ठाकरे ने आजीवन सहयोग निधि की पद्धति संगठन को दी। भाजपा ने इस पद्धति को स्वीकारोक्ति दी। श्री शर्मा ने कहा कि समर्पण निधि संग्रह अभियान में समाज के हर वर्ग को जोडने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कहा कि हम कैडर बेस पार्टी के रूप में जाने जाते है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की अलग पहचान है। यहां के कार्यकर्ता संगठन जो ठान लेता है उसे साकार करते है। बूथ विस्तारक योजना में हमने इसे साकार किया है। उन्होंने कहा कि समर्पण निधि संग्रह अभियान में भोपाल नगर एवं ग्रामीण को जो लक्ष्य मिला है, निश्चित तौर पर वे उसे पूरा करते हुए इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता मिलकर इस अभियान को यशस्वी बनाएं। नगरीय प्रशासन मंत्री एवं भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जो संकल्प लेता है उसे पूरा करता है। हमारी पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया था वह आज साकार हुआ है। हमारे पार्टी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का संकल्प लिया था उसे पूरा किया है। काशी के विकास का जो संकल्प लिया था उसे भी साकार किया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि श्री ठाकरे ने जनसंघ के विस्तार के लिए एक एक गांव तक पैदल यात्राएं की। उन्होंने प्रचारक रहते हुए सारी उम्र संगठन के विस्तार के लिए समर्पित कर दी। आज मध्यप्रदेश में लगातार हमारी सरकार है और केन्द्र में सरकार है तो इसका श्रेय श्री ठाकरे को जाता है। उन्होंने कहा कि श्री ठाकरे ने शुचिता की राजनीति को आगे बढाया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि पूरे देश में अगर आजीवन सहयोग निधि की शुरूआत हुई है तो वह मध्यप्रदेश से श्री ठाकरे ने की है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेडा, विधायक विष्णु खत्री, भोपाल जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, ग्रामीण प्रभारी अमिता चपरा मंचासीन थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^