समय आने पर हिसाब लेगी जनता : कमलनाथ
26-Jul-2022 04:36 PM 5548
भोपाल, 26 जुलाई (AGENCY) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ और पार्टी नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है और जनता समय आने पर हर चीज का हिसाब लेगी। श्री कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गांधी को जिस तरह से झूठे मामले में ईडी में पेशी के लिए बुलाया जा रहा है और उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने पर श्री राहुल गांधी को जिस तरह हिरासत में लिया गया है, उससे पता चलता है कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने केंद्र सरकार को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि खरीद-फरोख्त की राजनीति करके आप कुछ दिन के लिए सत्ता पर कब्जा कर सकते हैं और सत्ता के मद में आकर लोकतांत्रिक नेताओं पर अत्याचार कर सकते हैं, लेकिन समय बदलते देर नहीं लगती। देश की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर हर चीज़ का हिसाब लेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^