संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से 43 कलाकार होंगे सम्मानित
07-Apr-2022 10:36 PM 7734
नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (AGENCY) देश में नृत्य, संगीत, रंगमंच क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 43 कलाकारों को शनिवार को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अकादमी की विज्ञप्ति के अनुसार ये पुरस्कार वर्ष 2018 के लिए है और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगे। संगीत नाटक अकादमी की सचिव टेमसुनारो जमीर ने कहा कि पुरस्कार वितरण की परंपरा 1952 से चली आ रही है। इस कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक कलाओं, कठपुतली कला और प्रदर्शन कला में कलाकारों द्वारा दिए गए विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें रत्न सदस्यता और अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्कृष्टता और उपलब्धियों के सर्वोच्च मानक का प्रतीक है। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदर्शन कला के क्षेत्र में प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के साथ-साथ शिक्षकों और विद्वानों को भी यह राष्ट्रीय सम्मान दिया जाता है। संगीत के क्षेत्र में हिंदुस्तानी गायन के लिए मणि प्रसाद और हिंदुस्तानी वाद्य संगीत के लिए तरुण भट्टाचार्य सहित कुल 13 लोगों को अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नृत्य के क्षेत्र में भरतनाट्यम के लिए राधा श्रीधर, मोहिनीअट्टम के लिए गोपिका वर्मा ,कुचिपुड़ी के लिए पशुमूर्ति रामलिंगा शास्त्री सहित कुल दस लोगों को यह पुरस्कार दिया जायेगा। विज्ञप्ति के अनुसार, रंगमंच के क्षेत्र में नाट्य लेखन के लिए राजीव नाईक, निर्देशन के लिए संजय उपाध्याय और अभिनय के लिए सुहास जोशी समेत कुल आठ लोगों को अकादमी के पुरस्कार से नवाजा जायेगा। लोक संगीत के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की मालिनी अवस्थी, उत्तराखंड के नरेंद्र सिंह नेगी और हिमाचल प्रदेश के सोमदत्त बट्टू सहित कुल पांच लोगों को अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। पारंपरिक नृत्य के क्षेत्र में लोक नृत्य (मध्य प्रदेश) के लिए अर्जुन सिंह धुर्वे, लोकनाट्य (जम्मू-कश्मीर) के लिए मोहम्मद सीदीक भगत सहित कुल पांच लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ अभिनय कला में योगदान के लिए दीवान सिंह बजेली को विद्वता और पुरु दधीच को समग्र योगदान के लिए चुना गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर श्री नायडू, केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी औ संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी उपस्थित रहेंगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संगीत नाटक अकादमी और ललित कला अकादमी की अध्यक्ष उमा नंदूरी करेंगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^