संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना बैठक में हिस्सा लेंगे अजय भट्ट
02-Dec-2023 12:28 PM 3832
नयी दिल्ली 02 दिसम्बर (संवाददाता) रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट दो दिन की संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए घाना की आधिकारिक यात्रा पर जायेंगे। यह बैठक पांच और छह दिसम्बर को घाना की राजधानी अकरा में होगी। संयुक्त राष्ट्र का शांति अभियान विभाग और घाना इस बैठक की मेजबानी कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मंत्रिस्तरीय बैठक का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों के सामने आने वाली सुरक्षा तथा संचालन चुनौतियों का समाधान करना और दुनिया भर में तैनात इन मिशनों के लिए समर्थन हासिल करना है। संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न शांति मिशनों में अधिकतम संख्या में सैनिक और उपकरण भेजने में भारत हमेशा सबसे आगे रहा है। बैठक से इतर रक्षा राज्य मंत्री सदस्य देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और परस्पर प्रतिबद्धताओं को अधिक मजबूत बनाने के लिए रक्षा सहयोग के मामलों पर चर्चा करेंगे। वह अकरा में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^