सपा ने बाबू सिंह कुशवाहा को जौनपुर और आदित्य यादव बदायूं से दिया टिकट
14-Apr-2024 11:00 PM 5893
लखनऊ 14 अप्रैल (संवाददाता) समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए दो सूचियाें के जरिये नौ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के स्थान पर उनके पुत्र आदित्य यादव को बदायूं से टिकट दिया गया है जबकि पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा जौनपुर से पार्टी प्रत्याशी होंगे। मायावती सरकार में मंत्री रहे श्री कुशवाहा जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री कृपा शंकर सिंह का मुकाबला करेंगे। श्री कुशवाहा को एक जमाने में बसपा सुप्रीमों मायावती के करीबी लाेगों में गिना जाता था मगर मतभेदों के चलते उन्हे बसपा से निकाल दिया गया था। उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए जेल भेजा गया था। बसपा से निकाले जाने के बाद, वह कुछ समय के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए मगर यहां भी भाजपा ने कुछ समय बाद उनसे दूरी बना ली। बाद में कुशवाहा ने जन अधिकार पार्टी लॉन्च की। उनकी पार्टी ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर चुनाव लड़ा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल की इच्छा के अनुसार बदायूं से उनके बेटे और अपने चचेरे भाई आदित्य यादव को मैदान पर उतारा है। आदित्य यादव पहले ही बदायूं में जनसंपर्क शुरु कर चुके हैं और मोदी सरकार पर जम कर हमले बोल रहे हैं। इसके अलावा, पार्टी ने मछलीशहर सीट से पूर्व सांसद तुफानिन सरोज की बेटी प्रिया सरोज को मैदान में उतारा है। प्रिया पेशे से वकील हैं और पहली बार चुनाव में शिरकत कर रही हैं। डुमरियागंज सीट से सपा ने भीष्म शंकर तिवारी उर्फ ​​कुशल तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। कुशल तिवारी पूर्वांचल के पूर्व दिग्गज हरि शंकर तिवारी के बेटे और बसपा के टिकट पर पूर्व सांसद हैं। वह संत कबीर नगर सीट से दो लोकसभा चुनाव हार गए। पार्टी ने फूलपुर से अमरनाथ मौर्य, श्रावस्ती से राम श्रीमणि वर्मा, संत कबीर नगर से लक्ष्मी कांत उर्फ ​​पपू निषाद और सलेमपुर से रमा शंकर राजभर को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा सुल्तानपुर से राम भुआल निषाद पार्टी उम्मीदवार होंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^