सर्वांगीण प्रगति के लिए संवेदनशीलता के साथ युगांतरकारी परिवर्तन किए मोदी सरकार ने
09-Jun-2025 08:07 PM 9023
नयी दिल्ली 09 जून (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 11 वर्षो के कार्यकाल में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर चलते हुए आर्थिक विकास से लेकर सामाजिक उत्थान तक जन-केंद्रित, समावेशी तथा सर्वांगीण प्रगति को प्राथमिकता दी है और संवेदनशीलता के साथ युगांतरकारी परिवर्तन किए हैं। केन्द्र में राजग सरकार के ग्यारह वर्ष पूरे होने पर सोमवार को प्रधानमंत्री तथा वरिष्ठ मंत्रियों के साथ-साथ सत्तारूढ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भी सरकार की उपलब्धियों का जोर शोर से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश ने 140 करोड़ लोगों की सामूहिक भागीदारी से सुशासन के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखा है, जिससे तेजी से प्रगति हुई है और ‘जीवन में सुगमता’ आयी है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में राजग सरकार के केन्द्र की सत्ता में आने के बाद श्री मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा,“ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के सिद्धांत से प्रेरित होकर राजग सरकार ने तेजी से और संवेदनशीलता के साथ युगांतकारी परिवर्तन किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत न केवल सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है, बल्कि जलवायु परिवर्तन और डिजिटल नवाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक प्रमुख वैश्विक आवाज भी बन गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास से लेकर सामाजिक उत्थान तक, सरकार ने जन-केंद्रित, समावेशी और सर्वांगीण प्रगति को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज न केवल सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है, बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कार्रवाई और डिजिटल नवाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक प्रमुख वैश्विक आवाज भी है। उन्होंने कहा कि देश को इस सामूहिक सफलता पर गर्व है लेकिन इसके साथ ही, हम आशा तथा विश्वास के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘अभूतपूर्व विकास’ और ‘युगांतरकारी राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन’ का युग बताया है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण ने देश को दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में आत्मविश्वास के साथ खड़ा होने में सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा, “ भारत आज अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की हर कीमत पर रक्षा करने के संकल्प पर पूरी तरह से सुसज्जित, आश्वस्त और अडिग है।” रक्षा मंत्री ने पिछले दशक के व्यापक प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा, “ सेवा के ये 11 वर्ष हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के सपनों को साकार करने की कहानी कह रहे हैं, जिन्होंने एक ऐसे लोकतंत्र की कल्पना की थी जो न केवल राजनीतिक हो, बल्कि सामाजिक और आर्थिक प्रकृति का भी हो।” उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व में भारत न केवल प्रगति कर रहा है, बल्कि “ राष्ट्रों के समुदाय में अपना उचित स्थान” प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं को ऐतिहासिक पहल बताया जिनसे लाखों गरीब लोगों के लिए सम्मान, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राजमार्गों से लेकर रेलवे तक, स्मार्ट शहरों से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक भौतिक बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर विस्तार और स्वास्थ्य सेवा तथा शिक्षा में मानव संसाधनों को मजबूत कर एक नए भारत की नींव रखी गयी है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजग सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। उन्होंने कहा ,“ मोदी सरकार के ऐतिहासिक 11 वर्ष जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहे हैं। ग्यारह वर्ष के कार्यकाल में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। मोदी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व स्पष्ट, संकल्प अडिग और नीयत लोकसेवा की होती है, तब सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं।” उन्होंने कहा , “ पिछले 11 वर्षो में ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ से देश के विकास की स्पीड और स्केल दोनों को बदला गया है। प्रधानमंत्री किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचितों को शासन के केंद्र में लाए और तुष्टीकरण की जगह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की कार्य संस्कृति बनाई।” सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मोदी सरकार को ‘पारदर्शी और भविष्यदर्शी’ बताया और कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत में राजनीति की संस्कृति में आमूल-चूल परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निराशा के वातावरण को दूर कर विकसित भारत की मजबूत आधार रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला था और वह नकारात्मक एजेंडा के साथ चल रही थी। उन्होंने कहा कि 11 साल पहले की राजनीतिक-संस्कृति में सत्ता में बने रहने के लिए तुष्टिकरण और समाज को खंडित करने की सोच हावी थी। श्री मोदी ने जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ सरकार के कामकाज के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर शासन की राजनीति का मानक बनाया। उन्होंने कहा, “हम जो काम कर रहे हैं, उसे जनता के सामने रखते हैं।” श्री नड्डा ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में कई साहसिक और ठोस कदम उठाये गये हैं। अनुच्छेद 370 हटाये जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश मान चुका था कि ये संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कदम के बाद वहां लोकसभा में प्रदेश में 58.46 प्रतिशत और विधानसभा चुनाव में 63 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर देश के लोकतंत्र में अपनी मजबूत आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बदलाव मोदी सरकार की साहसिक निर्णय की वजह से आया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “पिछले एक दशक में हमने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी-एसटी) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समेत समाज के सभी वर्गों की चिंता की है। उसी तरीके से हमने महिलाओं के नेतृत्व विकास को आगे बढ़ाया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^