सशक्त बूथ और स्वावलंबी मंडल बनाने प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध: शर्मा
07-Jan-2022 11:04 PM 7639
झाबुआ, 07 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का यह लक्ष्य होना चाहिए कि वह अपने बूथ को मजबूत करे। सशक्त बूथ और स्वावलंबी मंडल प्रत्येक कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता है। श्री शर्मा ने यह बात झाबुआ प्रवास के दौरान अंबा पैलेस गार्डन में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कही। उन्होंने कहा कि बूथ अगर मजबूत होगा तो हमारी जीत भी उतनी ही विराट होगी। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ विस्तारक योजना को सफल बनाकर पितृपुरूष कुशाभाऊ ठाकरे को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने कहा कि बूथ विस्तारक योजना पार्टी का महत्वकांक्षी कार्यक्रम है। यह योजना 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत का बडा आधार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने झाबुआ पहुंचने के पूर्व धार में मीसाबंदी एवं पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल के निवास पहुंचकर उनको शॉल, श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इसके पश्चात वे झाबुआ रवाना हुए। झाबुआ पहुंचने पर उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। झाबुआ के अंबा पैलेस गार्डन में प्रदेश अध्यक्ष ने जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिले में निवासरत पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने झाबुआ मंडल के बूथ अध्यक्ष किशोर भाबर के निवास पहुंचकर भोजन किया और उनके परिजनों से भेंट की। श्री शर्मा ने कहा कि आज भाजपा देश ही नहीं विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है। तो इसके पीछे डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, राजमाता सिंधिया और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे महापुरूषों का बलिदान है। पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा कार्यकर्ता अलग अलग पदों पर अपने दायित्व निभा रहे है। इस अवसर पर सांसद गुमान सिंह डामोर, जिला प्रभारी हरिनारायण यादव, अजजा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कलसिंह भाबर, विधायक सुलोचना रावत, पूर्व विधायक निर्मला भूरिया, शांतिलाल बिलवाल, नागर सिंह चौहान, मुकाम सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, दौलत भावसार, शैलेष दुबे, सोम सिंह सोलंकी, कृष्णपाल सिंह, गौरव खंण्डेलवाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^