सत्ता में आने के विपक्ष देख रहा मुंगेरीलाल के सपने: माैर्य
22-Dec-2021 09:21 PM 2561
बांदा 22 दिसंबर (AGENCY) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दल राज्य की सत्ता में आने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि 2022 तो क्या वर्ष 2027 के चुनाव में भी विपक्ष के मंसूबे पूरे नहीं होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन विश्वास यात्रा के दौरान यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुये मौर्य ने कहा कि वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव तो ट्रेलर मात्र था, असली पिक्चर ताे वर्ष 2022 के चुनाव में दिखेगी। उन्होंने पिछले चुनावों के आंकड़ों का हवाला देते हुये कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ और 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि दोनों ही चुनाव में सपा सहित सभी विपक्षी दलों का बुंदेलखंड में सफाया हो गया। उन्होंने केन्द्र और राज्य में भाजपा की अगुवाई वाली सरकारों के विकास कार्यों का हवाला देते हुये दावा किया कि आने वाले चुनाव में मतदान का 60 प्रतिशत वोट भाजपा की झोली में जायेगा। शेष पड़े मतों में सभी दलों का बंटवारा होगा। उन्होंने विश्वाा जताया कि भाजपा, बुंदेलखंड की ही नहीं बल्कि, पूरे प्रदेश में 300 से अधिक सीटों का आंकड़ा पुनः पार करके सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के लिये मुंगेरीलाल के सपने देख रहा है। आगामी चुनाव में पूरा विपक्ष पुनः चारों खाने चित होगा। मौर्य ने कहा कि अपराधी तत्वों के सहारे चुनाव नहीं जीते जा सकते हैं। लोकतंत्र में चुनाव जिताने की ताकत आम जनता के मतों में निहित होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 की पूर्व सरकारों में मात्र तिजोरिया भरने का काम किया गया है। कांग्रेस के प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी कह चुके हैं कि केंद्र सरकार से भेजी जाने वाली धनराशि का मात्र 15 प्रतिशत ही विकास कार्यों को मिल पाता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईमानदार सोच के चलते विकास कार्यों की धनराशि सीधे खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर राष्ट्र विकास के लिए कार्य कर रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^