सीबीआई ने आर जी कर के पूर्व प्राचार्य घोष, पुलिस अधिकारी मंडल को किया गिरफ्तार
14-Sep-2024 11:25 PM 2725
कोलकाता, 14 सितंबर (संवाददाता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले महीने यहां स्नातकोत्तर की प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के सिलसिले में शनिवार को आर जी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और कोलकाता पुलिस अधिकारी अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया। मंडल ताला थाना के प्रभारी अधिकारी हैं। गौरतलब है कि औपनिवेशिक काल का आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 09 अगस्त की सुबह 31 वर्षीय महिला चिकित्सक का शव मिला था। यह अस्पताल ताला थाना के अधिकार क्षेत्र में स्थित है। सूत्रों ने बताया, "सीबीआई ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और ताला थाना के प्रभारी अधिकारी अभिजीत मंडल को एक प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में गिरफ्तार किया है।" इससे पहले सीबीआई ने घोष को 2021 से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के रूप में कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के सिलसिले में अब तक तीन लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। कोलकाता पुलिस के नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को पहले शहर की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। विरोध-प्रदर्शनों के बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^