‘सीएनएन की रिपोर्ट भारत को बदनाम करने वाली’
30-Aug-2024 09:34 PM 2846
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (संवाददाता) भारत ने अमेरिकी चैनल सीएनएन पर बंगलादेश में बाढ़ से संबंधित रिपोर्टों को भ्रामक, तथ्यात्मक रूप से गलत और इरादतन बदनाम करने वाली बताते हुए शुक्रवार को खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज यहां नियमित ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे गए सवालों पर कहा, "हमने बंगलादेश में बाढ़ की स्थिति पर सीएनएन रिपोर्ट देखी है। इसका वर्णन भ्रामक है और यह बताने की कोशिश की गई है कि बाढ़ के लिए किसी न किसी तरह भारत जिम्मेदार है। यह तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।" प्रवक्ता ने कहा कि रिपोर्ट भारत सरकार द्वारा स्थिति स्पष्ट करने के लिए जारी प्रेस विज्ञप्ति में उल्लिखित तथ्यों की अनदेखी करता है। उन्होंने इस बात को भी नजरअंदाज कर दिया है कि जल संसाधन प्रबंधन के लिए मौजूदा संयुक्त तंत्र के माध्यम से दोनों देशों के बीच डेटा और महत्वपूर्ण सूचनाओं का नियमित और समय पर आदान-प्रदान होता है। बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "जैसा कि हमने पहले कहा, बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री सुरक्षा कारणों से बहुत कम समय के नोटिस पर भारत आईं। इस मामले में हमारे पास जोड़ने के लिए और कुछ नहीं है।" ढाका में भारतीय उच्चायोग में वीज़ा सेवाओं के संचालन पर पूछे जाने पर श्री जायसवाल ने कहा कि वर्तमान में बंगलादेश में सीमित भारतीय वीज़ा सेवाएं उपलब्ध हैं। अभी भारतीय वीज़ा आपातकालीन या चिकित्सा प्रयोजनों के लिए दिए जा रहे हैं। पूर्ण वीज़ा सेवाएं कानून और व्यवस्था बहाल होने और सामान्य स्थिति स्थापित होने के बाद ही फिर से शुरू हो सकती हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^