सीरिया: संघर्ष में तीन लाख 70 हजार लोग विस्थापित हुये
07-Dec-2024 02:56 PM 3511
संयुक्त राष्ट्र, 07 दिसम्बर (संवाददाता) सीरिया के सशस्त्र बलों और हयात तहरीर अल-शाम आतंकवादी समूह के बीच जारी संघर्ष बढ़ने के बाद से करीब 3 लाख 70 हजार लोग अपने घरों से विस्थापित हुये हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने शनिवार को यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, “मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) ने आज कहा कि सीरिया में शत्रुता बढ़ने के बाद से करीब 3,70,000 पुरुष, महिलाएं और बच्चे विस्थापित हुये हैं। इनमें से एक लाख ऐसे लोग शामिल हैं, जो एक से अधिक बार अपने घर छोड़कर गए हैं।” गौरतलब है कि सीरिया में 2011 से सशस्त्र संघर्ष जारी है। यहां हयात तहरीर अल-शाम आतंकवादी समूह (जिसे पहले नुसरा फ्रंट के नाम से जाना जाता था और यह रूस में प्रतिबंधित है) और कई अन्य सशस्त्र समूहों ने 29 नवंबर को सीरियाई सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया, जो इदलिब के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के उत्तर से अलेप्पो और हमा शहरों की ओर बढ़ रहा है। सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने पांच दिसंबर को कहा है कि आतंकवादियों के साथ भीषण लड़ाई के बाद सीरियाई सशस्त्र बल हमा शहर से हट गए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^