सेंथिलबालाजी समेत चार ने ली तमिलनाडु कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ
29-Sep-2024 04:55 PM 4234
चेन्नई, 29 सितंबर (संवाददाता) तमिलनाडु में वी. सेंथिलबालाजी सहित चार नये मंत्रियों ने रविवार को कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। परिवहन विभाग में कर्मचारियों की नियुक्ति में कथित अनियमितताओं से संबंधित धनशोधन के एक मामले में जेल में बंद श्री सेंथिलबालाजी को उच्चतम न्यायालय से कुछ ही दिन पहले जमानत मिलने के बाद रिहा किया गया है। राज्यपाल आर एन रवि ने राजभवन में अपराह्न करीब 1530 बजे आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। राष्ट्रगान और तमिल थाई वाजथु (तमिल माता की प्रार्थना) के गायन के बाद, राज्यपाल ने सलेम उत्तर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले आर राजेंद्रन को सबसे पहले पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके बाद श्री सेंथिलबालाजी (अर्क्वाकुरिची से निर्वाचित), जो सात महीने के अंतराल के बाद कैबिनेट में वापस आये हैं, थिरुविदाईमारुथुर से निर्वाचित गोवी. चेझियान तथा अवाडी से विधायक एस.एम. नासर ने शपथ ली। श्री नासर भी कैबिनेट में वापस आये हैं, जिन्हें पहले हुए फेरबदल में हटा दिया गया था। शपथ ग्रहण समारोह करीब 10 से 15 मिनट तक चला। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, उनके बेटे एवं उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, मंत्री तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम् (द्रमुक) के गठबंधन दलों के नेता इस अवसर पर मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^