शाह ने कांग्रेस व जद (एस) को ‘वंशवादी पार्टी’ करार दे किया हमला
30-Dec-2022 10:21 PM 2594
मांड्या (कर्नाटक) 30 दिसंबर (संवाददाता) केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने जनता दल (सेक्युलर) और कांग्रेस को वंशवादी एवं अत्यधिक भ्रष्ट पार्टी करार देते हुए दोनों पार्टियों पर जम कर हमला बोला। श्री शाह ने शुक्रवार को मांड्या जिले में लोगों से भाजपा के लिए समर्थन मांगते हुए पार्टी के चुनाव अभियान का श्रीगणेश किया और उन दोनों पार्टियों का सफाया सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा,“अब बहुत हो चुका है क्योंकि जद (एस)-कांग्रेस और कांग्रेस-जद (एस) के बीच हमेशा दोहराव होता रहता है। इस बार हम सभी को मांड्या जिले में भाजपा के लिए क्लीन स्वीप सुनिश्चित करना है। जद (एस) और कांग्रेस वंशवादी और बहुत भ्रष्ट पार्टियां हैं।” श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस और जद (एस) जातिवाद के प्रवर्तक हैं और अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को संरक्षण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा,“जब कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनती है तो यह कांग्रेस के दिल्ली नेतृत्व के लिए एटीएम बन जाता है और जब कर्नाटक की सत्ता में जद (एस) आती है तो यह राज्य एक परिवार के लिए एटीएम बन जाता है।” श्री शाह ने कहा कि राज्य की कांग्रेस नीत सिद्धारमैया सरकार ने पीएफआई के 1,700 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस ले लिया लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया और सभी राष्ट्र विरोधी तत्वों को जेल में डाल दिया। उन्होंने कहा,“दोनों पार्टियां और उनकी सरकारें बहुत भ्रष्ट रही हैं जिन्होंने कर्नाटक के विकास कार्यों को अवरुद्ध करने का काम किया है। अब समय आ चुका है कि एक बार फिर कांग्रेस और जद (एस) को हराया जाए और भाजपा को राज्य में सरकार चलाने के लिए पूर्ण बहुमत दिया जाए।” श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों और दलितों पर अत्याचार करने और उनकी अनदेखी करने का पाप किया है जबकि भाजपा सरकार ने उनका सशक्तिकरण तथा उत्थान सुनिश्चित किया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी आस्था और संस्कृति के सभी प्रमुख केंद्रों का पूर्ण रूपांतरण सुनिश्चित किया है तथा उन्हें पूरी तरह से नया रूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी हमारे धर्म और संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर लेकर गए हैं। श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत केंद्र की मोदी सरकार द्वारा प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता के अलावा किसानों को प्रति वर्ष अतिरिक्त 4,000 रुपया प्रदान किया है। इस प्रकार से कर्नाटक के किसानों को वित्तीय सहायता के रूप में प्रति वर्ष 10 हजार रुपये प्राप्त हो रहे हैं और अब तक राज्य के लाखों किसानों के बीच 18 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा वितरित किए जा चुके हैं। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने मैसूर और मांड्या क्षेत्रों के लिए कभी भी कुछ नहीं किया लेकिन भाजपा सरकार ने मैसूर-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे का निर्माण किया तथा हमारी सरकार ने ठप्प पड़े चीनी के कारखानों को भी फिर से शुरू करने का काम किया है। श्री शाह ने बताया कि मोदी सरकार ने कर्नाटक को सूक्ष्म सिंचाई योजना के लिए 1,100 करोड़ रुपया प्रदान किया है और राज्य की छोटी सिंचाई परियोजनाओं के लिए भी राज्य के बजट में 58 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी की गई है और राज्य में लगभग तीन लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री येदियुरप्पा और वर्तमान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने किसानों का दिल जीतने के लिए तीन वर्षों में 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों मुख्यमंत्रियों ने कर्नाटक को देश में तेजी से विकसित होने वाला राज्य बनाने के लिए राज्य के लिए 2.80 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश प्राप्त किया है। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री बोम्मई के शासनकाल में नीति आयोग ने कर्नाटक को भारत अभिनव पारिस्थितिकी तंत्र के अंतर्गत सबसे अभिनव राज्य घोषित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के रेल बजट में भी 629 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन वाली कर्नाटक सरकार वृद्धि तथा विकास मार्ग पर तीव्रता से आगे बढ़ रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^