शाह ने उच्च स्तरीय बैठक में जम्मू कश्मीर में सुरक्षा हालातों की समीक्षा की
02-Jan-2024 07:12 PM 8255
नयी दिल्ली 02 जनवरी (संवाददाता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में जम्मू कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। पिछले कुछ समय में सीमा पार से आतंकवादी घटनाओं के बढने के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही इस बैठक में केन्द्र शासित प्रदेश में बाह्य और आंतरिक सुरक्षा संबंधी सुरक्षा ग्रिड पर विशेष रूप से चर्चा की गयी। साथ ही सेना, केन्द्रीय पुलिस बलों तथा स्थानीय पुलिस के बीच तालमेल और राज्य में विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा केन्द्रीय योजनाओं के बारे में भी विस्तार से विचार विमर्श किया गया। बैठक में आतंकवाद के खिलाफ केन्द्र सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति और उसके परिणामों पर भी बातचीत की गयी। बैठक में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू ,राष्ट्रीय जांच एजेन्सी के महानिदेशक और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस के महानिदेशक तथा गृह मंत्रालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सूत्रों के अनुसार खूफिया एजेन्सी तथा सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने राज्य के सुरक्षा हालातों के बारे में गृह मंत्री को जानकारी दी। गृह मंत्री ने विभिन्न अभियानों में सेना , केन्द्रीय पुलिस बलों तथा स्थानीय पुलिस के बीच जानकारी साझा करने तथा अभियानों के दौरान तालमेल बढाये जाने पर जोर दिया। बैठक में कहा गया कि जम्मू कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता हालातों के बावजूद घुसपैठ तथा आतंकवादी गतिविधियों का होना चिंता का विषय है और इस पर लगाम लगाया जाना जरूरी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^