‘श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफा’
14-Jul-2022 10:18 PM 7839
माले 14 जुलाई (AGENCY) श्रीलंका में आर्थिक तंगी और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच देश से बाहर गये राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। मालदीव की संसद के अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने ट्विटर पर यह जानकारी दी। श्री गाेटाबाया राजपक्षे के मालदीव के रास्ते सिंगापुर पहुंचने की खबर है। मालदीव की संसद पीपुल्स मजलिस के अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने गुरुवार को एक ट्वीट में गोटाबाया राजपक्षे के इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया,“ श्रीलंका के राष्ट्रपति जीआर ने इस्तीफा दे दिया है। मुझे उम्मीद है कि श्रीलंका अब उबर जायेगा। ” श्री नशीद ने कहा कि उनका मानना है कि श्री गोटाबाया राजपक्षे अगर अभी श्रीलंका में होते तो उन्होंने अब भी इस्तीफा नहीं दिया होता। मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, “ मैं मालदीव सरकार की सूझ-बूझ की सराहना करता हूं। श्रीलंका के लोगों को मेरी शुभकामनाएं। ” उल्लेखनीय है कि कोलंबो में राष्ट्रपति भवन पर प्रदर्शनकारियों के कब्जे के बीच श्री गोटाबाया राजपक्षे के कुछ दिन पहले चुपके से देश के बाहर चले जाने की रिपोर्ट आयी। बाद में पुष्टि हुई कि वह मालदीव आ गए थे तथा यहां से अब सिंगापुर पहुंच गये हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^