सुशील चंद्रा ने मॉरीशस के चुनाव आयुक्त से द्विपक्षीय सहयोग पर की चर्चा
19-Apr-2022 08:20 PM 7288
नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (AGENCY) मुख्य चुनाव आयुक्त (सीर्ईसी) सुशील चंद्रा ने मॉरीशस के चुनाव आयुक्त (ईसी) इरफान अब्दुल रहमान से पोर्टलुई में मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधित क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। चुनाव आयोग ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने भारत और मॉरीशस के बीच निर्वाचन प्रणाली के क्षेत्र में सहयोग के लिए चल रही परियोजानओं की समीक्षा की जिसमें मानव संसाधन के प्रशिक्षण और उत्कृष्ट परिपाटियों के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान शामिल है। बयान में कहा गया है, “दोनों पक्षों ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के संबंध में वर्तमान द्विपक्षीय संपर्कों और संबंधों को और व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता प्रकट की है।” पोर्टलुई में दोनों देशों के निर्वाचन आयोगों के प्रतिनिधियों की बैठक का भी आयोजन किया गया। श्री चंद्रा ने श्री रहमान को कल हुई इस मुलाकात में भारतीय चुनाव आयोग की ओर से भारत में चुनावों के इतिहास पर यात्रा संग्रह ‘लीप ऑफ फेथ’ की एक प्रति भेंट की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^