20-Jan-2022 09:46 PM
6426
जयपुर, 20 जनवरी (वार्ता ) राजस्थान के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज देश में तनाव एवं हिंसा का माहौल बताते हुए कहा है कि ऎसे में शांति, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने की जरूरत है।
श्री गहलोत आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ’आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर’ कार्यक्रम के राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चल कर ही आज समाज एवं देश को आगे बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब हम सभी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पंडित नेहरू को याद करें। सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, तिलक, गोखले सहित सैंकड़ों महापुरूषों एवं ज्ञात अज्ञात शहीदों को याद करें, जिन्होंने इस देश को आजादी दिलाई।
उन्होंने कहा कि त्याग और बलिदान से जो आजादी हमें मिली है उसे याद करने का इससे अच्छा मौका कोई और नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पिछले 74 सालों में इस देश ने तरक्की की है। विज्ञान एवं तकनीकी सहित हर क्षेत्र में उसका आज दुनिया लोहा मानती है। हमारी एक अलग पहचान कायम हुई। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम एवं जगत की जय हो हमारी संस्कृति के मूल में है। हमारे संस्कार, संस्कृति एवं परंपराएं महान हैं। इसी सांस्कृतिक धरोहर को हमें हमारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, क्योंकि आज की नई पीढ़ी ही भविष्य की कर्णधार है।
श्री गहलोत ने कहा कि नई पीढ़ी में भारतीय मूल्यों को मजबूत करने का जो कार्य प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माध्यम से किया जा रहा है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दादी डॉ. रतन मोहिनी के सान्निध्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू साधुवाद का पात्र है।...////...