20-Apr-2025 08:03 PM
6042
विजयवाड़ा, 20 अप्रैल (संवाददाता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू रविवार को 75 वर्ष के हो गए।
इस मौके पर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलागिरी स्थित पार्टी कार्यालय में आज मंगल जश्न मनाया। तेदेपा के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव, मंत्री के अच्चन्नायडू, वरिष्ठ नेता नन्नापनेनी राजकुमारी, टीडी जनार्दन, वरला रामैया, पी अशोक बाबू, वीवीवी चौधरी और एवी रमना सहित कई टीडीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य कार्यालय में केक काटा। श्री नायडू का जन्मदिन पूरे राज्य में मनाया गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।
उल्लेखनीय है कि श्री नायडू अपने परिवार के सदस्यों के साथ यूरोप दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "मेरे अच्छे मित्र एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू गारू को शुभकामनाएं। यह सराहनीय है कि वह भविष्य के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए आंध्र प्रदेश के विकास के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"
उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण ने श्री नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "केवल श्री नायडू जैसे दूरदर्शी के लिए ही आंध्र प्रदेश की प्रगति को पुनर्जीवित करना संभव है, जो आर्थिक रूप से स्थिर हो गया था और कानून तथा व्यवस्था बिगड़ गई थी। ऐसे महान प्रशासक को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ।"
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने श्री नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आपके शांतिपूर्ण, स्वस्थ एवं लंबे जीवन की कामना करता हूं।" केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और तेलुगु फिल्म अभिनेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री के चिरंजीवी ने भी श्री नायडू को जन्मदिन की बधाई दी है।
गौरतलब है कि श्री नायडू का जन्म 20 अप्रैल, 1950 को संयुक्त चित्तूर जिले के नरवरिपल्ले गाँव में हुआ था। वह वर्ष1978 में विधानसभा के लिए चुने गए और संयुक्त आंध्र प्रदेश में कांग्रेस सरकार में 1980 से 1982 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। बाद में, वह अपने ससुर एन टी रामाराव द्वारा शुरू की गई तेदेपा में शामिल हो गए। वह वर्ष 1995 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। विभाजन के बाद, वर्ष 2014 से 2019 तक वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।...////...